200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, बिजली विभाग ने जारी की जरूरी अपील
200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठा रहे उपभोक्ता रहें सजग, सुरक्षा नियमों का करें पालन : एसडीओ
चतरा। झारखंड सरकार की 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना से आम घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिल रही है। सरकारी नियमों के अनुसार योग्य उपभोक्ताओं को घरेलू बिजली बिल में 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ दिया जा रहा है। बिजली विभाग के एसडीओ सत्यदेव यादव ने योजना को आम लोगों के लिए राहत भरा कदम बताते हुए चतरा के बिजली उपभोक्ताओं से बिजली के सुरक्षित उपयोग और विभागीय निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
एसडीओ सत्यदेव यादव ने कहा कि उपभोक्ता बिजली बिल का भुगतान और अन्य ऑनलाइन कार्य करते समय साइबर ठगी व फिशिंग से सावधान रहें। ऊर्जा संरक्षण के लिए BEE 5 स्टार रेटिंग और ISI मार्क वाले उपकरणों का उपयोग करें तथा जरूरत नहीं होने पर बिजली उपकरण बंद रखें। घर या व्यावसायिक परिसर में निर्धारित लोड से अधिक बिजली का उपयोग न करें। खुले तारों को न छुएं, गीले हाथों से स्विच न चलाएं और बच्चों को खराब तार व बिजली उपकरणों से दूर रखें।
उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान या प्राकृतिक आपदा के दौरान कहीं बिजली का तार गिरा मिले तो उससे दूर रहें और तुरंत विभाग को सूचना दें। “200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना से आम उपभोक्ताओं को सीधी राहत मिल रही है। उपभोक्ता इस योजना का लाभ लें, लेकिन बिजली के उपयोग में सजग और जिम्मेदार भी रहें। आपकी थोड़ी सी सावधानी बड़ी दुर्घटना से बचा सकती है।”
बिजली संबंधी समस्या निवारण के लिए 9031110118, 9031110119 और 9031110120 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं कॉल सेंटर 1912, 18003456570, 9031110121, 9431135504, 0651-2710002 तथा व्हाट्सएप नंबर 9431135503 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। बिजली चोरी की सूचना व्हाट्सएप नंबर 9431135515 पर दी जा सकती है और सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!