एसपी आवास के बाहर दो अंगरक्षकों के बीच विवाद में चली गोली, एक की मौत; आरोपी हिरासत में
चतरा: चतरा स्थित पुलिस अधीक्षक (एसपी) आवास के बाहर मंगलवार को दो अंगरक्षकों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान चली गोली में एक अंगरक्षक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अंगरक्षक को हथियार सहित पकड़ लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाईपास निर्माण कार्य से जुड़े संवेदक विनीत उर्फ रोकी यादव किसी कार्य से एसपी आवास पहुंचे थे। इसी दौरान उनके साथ मौजूद दो अंगरक्षकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक अंगरक्षक ने दूसरे पर गोली चला दी।
गोली लगने से घायल अंगरक्षक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। सूत्रों के अनुसार, उसकी मौत हो गई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
घटना के बाद आरोपी अंगरक्षक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन एसपी आवास की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा। उसके कब्जे से हथियार भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला दोनों अंगरक्षकों के बीच आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।
एसपी आवास के बाहर हुई इस घटना की सूचना फैलते ही शहर में सनसनी का माहौल बन गया। मौके पर पुलिस के वरीय अधिकारी पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!