कारगिल विजय दिवस पर 55 किलोमीटर तिरंगा अल्ट्रा मैराथन, वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
57 साल की उम्र में 55KM दौड़! कारगिल विजय दिवस पर पीपरवार में अमोल कांत मिश्रा ने पेश की मिसाल
पीपरवार। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर रविवार को पीपरवार क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति और फिटनेस का अनूठा संगम देखने को मिला। वीर शहीदों की स्मृति में अमोल कांत मिश्रा और विजय बेदिया ने तिरंगा हाथ में लेकर लगभग 55 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन पूरी कर कारगिल के अमर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह तिरंगा दौड़ पीपरवार कचहरी चौक से शुरू होकर बचरा चार नंबर मैदान तक पहुंची। मार्ग में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों, युवाओं और सामाजिक संगठनों ने दोनों धावकों का स्वागत किया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के बीच लोगों ने तिरंगा लहराकर उनका उत्साह बढ़ाया।
दौड़ पूरी होने के बाद आयोजित सम्मान समारोह में अमोल कांत मिश्रा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश के उन वीर सैनिकों को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनते हैं।
कार्यक्रम में यूनियन प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने दोनों धावकों के प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
समारोह के अंत में विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष सुनील प्रसाद ने अल्ट्रा मैराथन में शामिल धावकों, कार्यकर्ताओं एवं भाविकों को भगवा गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देशभक्ति और समाज सेवा की भावना को मजबूत करने वाले ऐसे आयोजन समय की आवश्यकता हैं तथा युवाओं को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साहस, शौर्य और बलिदान को नमन किया।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!