21 साल बाद भी नहीं भूला बनियाडीह का जख्म, 14 शहीदों को चतरा ने किया नमन
चतरा। 8 अक्टूबर 2005 को कुंदा के बनियाडीह पहाड़ पर हुए भीषण लैंडमाइंस विस्फोट में शहीद हुए एसडीपीओ विनय भारती समेत पुलिस और सीआरपीएफ के 14 अधिकारी-जवानों को गुरुवार को श्रद्धांजलि दी गई। शहादत दिवस के मौके पर शहर के शहीद विनय भारती पार्क में श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई, जहां प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने शहीदों को नमन किया।
कार्यक्रम में उपायुक्त रवि आनंद, पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, एसडीपीओ सन्नी वर्धन, मेजर सुबोध गुप्ता समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शहीद विनय भारती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर बनियाडीह घटना में शहीद हुए सभी वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी।
डीएमएफटी से होगा शहीद विनय भारती पार्क का जीर्णोद्धार

उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि शहीदों की स्मृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है। इसी उद्देश्य से डीएमएफटी मद से शहीद विनय भारती पार्क का सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान देश और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।
चतरा में नक्सलवाद अंतिम दौर में : एसपी
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने कहा कि चतरा जिले में नक्सलवाद अब लगभग समाप्ति की ओर है। गिने-चुने नक्सलियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि बनियाडीह में शहीद हुए जवानों की शहादत को पुलिस कभी नहीं भूलेगी और जिले को पूरी तरह उग्रवाद मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने कहा कि शहीद विनय भारती समेत सभी जवानों का साहस और बलिदान पुलिस बल के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले इन वीर सपूतों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
21 साल बाद भी शहीदों की याद ताजा
बनियाडीह की घटना को 21 साल बीत चुके हैं, लेकिन शहीदों की शहादत आज भी चतरा के लोगों की स्मृतियों में जिंदा है। श्रद्धांजलि सभा में शहीदों को नमन करने के साथ जिले को पूरी तरह उग्रवाद मुक्त बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!