जरूरतमंद बच्चों तक समय पर पहुंचे स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ: उपायुक्त रवि आनंद
मिशन वात्सल्य के तहत एसएफसीएसी की त्रैमासिक बैठक, 56 स्पॉन्सरशिप और 2 फोस्टर केयर आवेदनों पर हुई चर्चा
चतरा। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सोमवार, 13 जुलाई को उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में केंद्र प्रायोजित मिशन वात्सल्य बाल संरक्षण योजना के अंतर्गत योजना प्रावर्तकता एवं पालन-पोषण देखभाल समिति (एसएफसीएसी) की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अनाथ, एकल अभिभावक वाले एवं अन्य जरूरतमंद बच्चों की पहचान कर उन्हें स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार प्रखंड और पंचायत स्तर तक सुनिश्चित करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इसकी जानकारी मिल सके।
उपायुक्त ने स्वीकृत मामलों में त्वरित कार्रवाई, पात्र बच्चों की नियमित निगरानी तथा उनके पुनर्वास की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पात्र बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक के दौरान विभिन्न प्रखंडों से स्पॉन्सरशिप योजना के लिए प्राप्त 56 आवेदनों तथा फोस्टर केयर के 2 आवेदनों पर विचार-विमर्श किया गया। जिन आवेदनों में आवश्यक दस्तावेज अधूरे पाए गए, उन्हें शीघ्र पूरा कर अगली एसएफसीएसी बैठक में अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष, संरक्षण पदाधिकारी (गैर संस्थागत), सिविल सोसायटी मिराकल फाउंडेशन के प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!