सांसद कालीचरण सिंह की पहल लाई रंग, बगरा मोड़–पांकी सड़क परियोजना पर केंद्र सरकार की सकारात्मक कार्रवाई
चतरा लोकसभा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को लेकर सकारात्मक पहल सामने आई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद कालीचरण सिंह के आग्रह पर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-99 (NH-99) के अंतर्गत बगरा मोड़ से पांकी (पलामू) तक सड़क के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं पुनर्निर्माण के प्रस्ताव पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए संबंधित विभाग को इसे प्राथमिकता के आधार पर विचारार्थ राज्य सरकार को अग्रेषित करने का निर्देश दिया है।
29 जून 2026 को जारी केंद्रीय मंत्री के पत्र के अनुसार सांसद कालीचरण सिंह ने 16 अप्रैल 2026 को केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) के अंतर्गत इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया था। पत्र में उल्लेख किया गया है कि CRIF अधिनियम, 2000 एवं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्यों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाता है। इसी क्रम में सांसद के प्रस्ताव को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए राज्य सरकार को भेजा गया है।
सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि बगरा मोड़ से पांकी तक का मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा है। इस सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से हजारों लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बेहतर सड़क संपर्क अत्यंत आवश्यक है और इसी उद्देश्य से उन्होंने इस विषय को लगातार केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्ताव पर आगे आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इस सड़क परियोजना को स्वीकृति मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे चतरा एवं पलामू क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से अपेक्षित बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
सांसद ने कहा कि जनता की सुविधा, क्षेत्रीय विकास और आधारभूत संरचना को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा भविष्य में भी जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को वे इसी प्रकार प्रभावी ढंग से उठाते रहेंगे।
इस खबर को शेयर करें
3 अपनी राय दें (Comments)
बहुत ही सराहनीय कदम ऐसे ही आगे आप काम करते रहे और अपने लोकसभा क्षेत्र को सबसे ऊपर ले जाए। धन्यवाद
ऐसे ही सांसद की मांग थी चतरा लोकसभा क्षेत्र में। आभार
बहुत सराहनीय प्रयास कर रहे हैं आप कोटि कोटि धन्यवाद।