नशे के खिलाफ चतरा पुलिस का शिकंजा, गिद्धौर में तीन युवक दबोचे गए
पीराटांड़ के समीप पुलिस की कार्रवाई, 25.67 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ बाइक और आईफोन जब्त
गिद्धौर/चतरा। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस ने एक और कार्रवाई की है। गिद्धौर-पेक्सा मार्ग पर पुलिस टीम ने तीन युवकों को पकड़कर उनके पास से 25.67 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद करने का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल और आईफोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को सूचना मिली थी कि कुछ युवक नशीला पदार्थ लेकर चौपारण की दिशा में जा रहे हैं। इसके बाद अधिकारियों की एक विशेष टीम सक्रिय हुई और पीराटांड़ के आसपास जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जहां से संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
पकड़े गए युवकों में हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के ताजपुर निवासी शुभम कुमार और रौशन कुमार, जबकि तीसरा युवक सुमित कुमार बिहार के मोहनपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।
रविवार को सिमरिया अनुमंडल पुलिस कार्यालय में मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब ने बताया कि पुलिस को मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। मामले में गिद्धौर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। मामले से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!