चिराग पासवान की सुरक्षा बढ़ाने की मांग, विधायक जनार्दन पासवान ने मुख्य सचिव व राज्यपाल को लिखा पत्र
चतरा: चतरा विधायक सह लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) झारखंड प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन पासवान ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को जान से मारने की कथित धमकी मिलने के मामले को गंभीर बताते हुए झारखंड सरकार से उनकी सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ करने की मांग की है। इस संबंध में विधायक ने बुधवार को झारखंड के मुख्य सचिव तथा महामहिम राज्यपाल को अलग-अलग पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है।
अपने पत्र में विधायक ने कहा है कि 1 सितंबर 2026 को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को एक हस्ताक्षरित संदेश के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिली थी। पत्र में उल्लेख किया गया है कि इस मामले को लेकर केंद्रीय स्तर पर भी गृह मंत्रालय से जांच और सुरक्षा समीक्षा का अनुरोध किया गया है।
जनार्दन पासवान ने कहा कि चिराग पासवान का झारखंड में लगातार राजनीतिक, सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में राज्य में उनके आगमन, यात्रा और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा की जानी चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
विधायक ने अपने पत्र में सरकार से मांग की है कि चिराग पासवान की सुरक्षा का तत्काल पुनर्मूल्यांकन किया जाए, झारखंड प्रवास के दौरान आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा बल उपलब्ध कराया जाए, संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं तथा प्राप्त धमकी की गंभीरता को देखते हुए हर स्तर पर विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने की भी मांग की गई है।
जनार्दन पासवान ने विश्वास जताया कि झारखंड सरकार और पुलिस प्रशासन इस पूरे मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाएंगे और चिराग पासवान के राज्य प्रवास के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!