जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश
समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त रवि आनंद को सौंपे। उपायुक्त ने सभी आवेदनों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार के दौरान भूमि विवाद, पेयजल, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, विद्युत सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए तथा किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए संबंधित विभागों को नियमित समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करना होगा।
उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। इससे लोगों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है और उनके समाधान की प्रक्रिया भी तेज होती है।
जिला प्रशासन की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे से 12:30 बजे तक समाहरणालय परिसर में आयोजित जनता दरबार में पहुंचकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें और इस व्यवस्था का लाभ उठाएं।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!