कौलेश्वरी धाम के विकास को मिलेगी रफ्तार, सुविधाओं और स्वच्छता पर विशेष जोर
हंटरगंज (चतरा)। प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल मां कौलेश्वरी धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने और क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर शनिवार को महत्वपूर्ण बैठक हुई। प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में आयोजित मां कौलेश्वरी विकास प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता समिति के सचिव सह अंचल अधिकारी रितिक कुमार ने की। बैठक में स्वच्छता, सुरक्षा, धर्मशाला, सड़क मरम्मत और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में पिछली बैठक के निर्णयों की समीक्षा करते हुए मंदिर परिसर, पर्वत मार्ग और तलहटी क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त सफाईकर्मियों की नियुक्ति का प्रस्ताव भी रखा गया।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त धर्मशाला के निर्माण और मौजूदा धर्मशाला की मरम्मत पर विचार किया गया। इसके अलावा बुद्धा पार्क को जोड़ने वाले मार्ग के विकास तथा पर्वत पर बनी पीसीसी सड़क की डीएमएफटी मद से मरम्मत कराने का प्रस्ताव रखा गया।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्वतीय क्षेत्र में पांच लाइटनिंग अरेस्टर लगाने और वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। वहीं मंदिर से जुड़े पुजारियों एवं कर्मियों की स्पष्ट पहचान के लिए ड्रेस कोड लागू करने का प्रस्ताव सामने आया।
अंचल अधिकारी रितिक कुमार ने मंदिर मार्ग और सड़क किनारे अतिक्रमण करने तथा गंदगी फैलाने वालों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों को दो बार नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन दुकान हटाने की कार्रवाई करेगा।
मंदिर परिसर और आसपास शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद विभाग एवं स्थानीय थाना को पत्र भेजने की बात भी कही गई, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में अंचल नाजिर सुनील कुमार, बीपीएम संजय कुमार सिन्हा, प्रधान पुजारी मिथलेश मिश्रा, विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, समिति सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!