विनोबा भावे विश्वविद्यालय में स्नातक प्रथम सेमेस्टर (2026-30) नामांकन प्रक्रिया शुरू, 17 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन
विनोबा भावे विश्वविद्यालय (VBU), हजारीबाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-30 के लिए चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम (FYUGP) के प्रथम सेमेस्टर में नामांकन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय के अधीन सभी अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राएं चांसलर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 9 जुलाई 2026 से शुरू हो गई है, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 17 जुलाई 2026 शाम 6:00 बजे निर्धारित की गई है। इसके बाद 21 जुलाई 2026 को पहली मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी।
मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का ऑफलाइन सत्यापन संबंधित महाविद्यालयों में 21 जुलाई से 29 जुलाई तक किया जाएगा। वहीं चयनित विद्यार्थियों का ऑनलाइन नामांकन 21 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक चांसलर पोर्टल के माध्यम से पूरा किया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को आवेदन पत्र सावधानीपूर्वक भरने की सलाह दी है। गलत जानकारी देने पर आवेदन अथवा नामांकन रद्द किया जा सकता है और शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के अनुसार आवेदन के समय विद्यार्थियों को केवल मेजर विषय का चयन करना होगा। अन्य विषयों का आवंटन नामांकन के दौरान संबंधित कॉलेज द्वारा किया जाएगा। मेरिट सूची 12वीं कक्षा या समकक्ष परीक्षा में प्राप्त अंकों एवं झारखंड सरकार की आरक्षण नीति के आधार पर तैयार की जाएगी।
सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से समय-समय पर महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए VBU की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!