झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात, राज्यस्तरीय उद्योग-व्यापार सम्मेलन में शामिल होने का दिया निमंत्रण
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य में उद्योग, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक और रचनात्मक चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि फेडरेशन जल्द ही एक राज्यस्तरीय उद्योग एवं व्यापार सम्मेलन का आयोजन करने जा रहा है। इस सम्मेलन में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से उद्योगपति, व्यापारी, उद्यमी और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य राज्य में निवेश को बढ़ावा देना, व्यापारिक संभावनाओं का विस्तार करना तथा उद्योग जगत की चुनौतियों और अवसरों पर विचार-विमर्श करना है।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और राज्य के औद्योगिक एवं व्यापारिक विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक में FJCCI के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया एवं राम बगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग एवं रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा, उदय शंकर, रमेश कुमार चिन्नी, विनय अग्रवाल, पलामू चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आनंद शंकर, कार्यकारिणी सदस्य फराजुद्दीन तथा गुमला चेंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्य अमर प्रदीप सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!