झारखंड महा ब्राह्मण संघ ने शिक्षा सचिव से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
रांची, 30 जुलाई। शिक्षिका श्रीमती भारती पांडेय प्रकरण को लेकर झारखंड महा ब्राह्मण संघ के प्रदेश प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को राज्य के शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
संघ ने शिक्षा सचिव को मामले से जुड़े तथ्यों से अवगत कराते हुए कहा कि यदि समय रहते प्रशासनिक स्तर पर उचित निर्णय लिया गया होता, तो इस तरह की दुखद घटना से बचा जा सकता था। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
शिक्षा सचिव ने जांच का दिया भरोसा
शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता से देख रही है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए पलामू के उपायुक्त को लिखित निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा संलिप्तता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठाएगी।
संघ ने कहा- न्याय मिलने तक जारी रहेगा प्रयास
झारखंड महा ब्राह्मण संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी प्रकार का दबाव बनाना नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है। उनका कहना था कि यदि जांच निष्पक्ष नहीं हुई या दोषियों पर कार्रवाई में अनावश्यक विलंब किया गया, तो संगठन राज्यव्यापी लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करने पर विचार करेगा।
संघ ने उम्मीद जताई कि सरकार निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करेगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रतिनिधिमंडल में ये पदाधिकारी रहे शामिल
शिक्षा सचिव से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष शिवपूजन पांडे, प्रदेश मंत्री रामप्रकाश तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष भीम पांडे, प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण पांडेय, प्रदेश महासचिव शिवशंकर तिवारी, पलामू जिला अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी, हजारीबाग जिला अध्यक्ष सुनील पांडे, जिला संरक्षक विनोद पांडे, प्रदेश कोषाध्यक्ष अछो दीक्षित, विमलेश तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण पांडे सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!