हजारीबाग से चतरा होकर हो रही कोयला ढुलाई पर झामुमो का विरोध 9 अगस्त से हाइवा चतरा छोड़ो आंदोलन की चेतावनी
चतरा, प्रतिनिधि। हजारीबाग जिले की कोयला परियोजनाओं से निकलने वाले कोयले का परिवहन चतरा जिले के रास्ते किए जाने का विरोध अब तेज हो गया है। गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय सदस्य मनोज कुमार चंद्रा के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त चतरा को ज्ञापन सौंपते हुए इस व्यवस्था पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि हजारीबाग स्थित एनटीपीसी की कोयला परियोजना से प्रतिदिन लगभग 50 हजार टन कोयला टंडवा, सिमरिया, चतरा और गिद्धौर मार्ग से होकर ले जाया जा रहा है। जबकि कटकमसांडी रेलवे साइडिंग तक पहुंचने के लिए अपेक्षाकृत कम दूरी का मार्ग उपलब्ध होने के बावजूद लंबा रास्ता अपनाया जा रहा है, जिससे चतरा जिले की सड़कें अतिरिक्त दबाव झेल रही हैं।
दुर्घटनाओं और प्रदूषण पर जताई चिंता
झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ी है। धूल और प्रदूषण के कारण आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है तथा कई परिवार सड़क हादसों में अपने प्रियजनों को खो चुके हैं। उनका कहना है कि खनन से मिलने वाला राजस्व और रॉयल्टी हजारीबाग को प्राप्त होती है, जबकि पर्यावरणीय और सामाजिक दुष्प्रभाव चतरा की जनता को झेलने पड़ रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि एनटीपीसी टंडवा एवं केटीपीसी बंडेडीह से फ्लाई ऐश की ढुलाई भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हो रही है, जिससे पर्यावरणीय खतरे बढ़ रहे हैं।
झामुमो ने रखीं प्रमुख मांगें
पार्टी ने प्रशासन के समक्ष कई मांगें रखीं। इनमें हजारीबाग के कोयले का परिवहन उसी जिले के मार्गों से कराने, चतरा होकर गुजरने वाले हाइवा वाहनों पर रोक लगाने, फ्लाई ऐश परिवहन को नियमों के अनुरूप संचालित करने, विस्थापितों को उचित मुआवजा एवं रोजगार देने तथा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा स्थानीय लोगों और स्थानीय परिवहनकर्ताओं को कोयला ढुलाई में प्राथमिकता देने की भी मांग की गई।
9 अगस्त से आंदोलन का ऐलान
झामुमो ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रशासन द्वारा उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो 9 अगस्त 2026 से 'हाइवा चतरा छोड़ो आंदोलन' शुरू किया जाएगा। पार्टी के अनुसार, उसी दिन सिमरिया के सुभाष चौक पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा और हजारीबाग से चतरा होकर गुजरने वाले कोयला वाहनों के परिचालन का विरोध किया जाएगा।
इन नेताओं की रही मौजूदगी
उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने के दौरान झामुमो के केंद्रीय सदस्य मनोज कुमार चंद्रा, जिला परिषद सदस्य देवनंदन साहू, जिला परिषद सदस्य रोहिणी देवी, प्रमुख रोहन साहू, प्रखंड अध्यक्ष रमन कुमार साहू, मुख्य संघ के प्रखंड अध्यक्ष विनोद महतो, सलीम अख्तर एवं भूपेंद्र ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!