NEET-UG में कान्हाचट्टी की बेटी वंशिका ने लहराया परचम, 626 अंक के साथ AIR 4174 हासिल
कान्हाचट्टी (चतरा)। प्रखंड के खापलवानी गांव की बेटी वंशिका राज ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET-UG में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। वंशिका ने परीक्षा में 626 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 4174 हासिल की है। जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, परिजनों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर इस सफलता का जश्न मनाया।
वंशिका, खापलवानी निवासी शिव कुमार सिंह की पुत्री हैं। सीमित संसाधनों के बीच लगातार मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता से पूरे कान्हाचट्टी प्रखंड में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बता रहे हैं।
वंशिका की इस उपलब्धि पर समाजसेवी नितीश कुमार उनके घर पहुंचे और उन्हें शॉल ओढ़ाकर तथा कलम भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि गांव की प्रतिभाओं में किसी भी बड़े मुकाम तक पहुंचने की पूरी क्षमता होती है। जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन, मेहनत और अपने लक्ष्य के प्रति अटूट विश्वास की होती है। वंशिका ने यह साबित कर दिया है कि अगर इरादा मजबूत हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
उन्होंने कहा कि वंशिका की सफलता सिर्फ उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे इलाके की उपलब्धि है। ऐसे बच्चों की मेहनत से दूसरे विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने वंशिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे चलकर एक सफल चिकित्सक बनेंगी और समाज की सेवा करेंगी।
वंशिका की सफलता पर परिजनों, रिश्तेदारों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें ढेरों बधाइयां दीं। लोगों ने कहा कि गांव की इस बेटी ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी शहर या बड़े संसाधनों की मोहताज नहीं होती। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!