कान्हाचट्टी के पेलतौल में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, नाबालिग गंभीर रूप से घायल, सदर अस्पताल रेफर
कान्हाचट्टी (चतरा): कान्हाचट्टी प्रखंड के पेलतौल गांव में जमीन के विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में एक नाबालिग बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर चतरा सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित लक्ष्मी सिंह ने आरोप लगाया है कि गांव के ही बद्री सिंह, उनके पुत्र सुजीत सिंह तथा उनकी पत्नी बिमला देवी ने जमीन विवाद को लेकर उनके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट के दौरान उनकी नाबालिग बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप है।
घटना के बाद घायल बच्ची को तत्काल राजपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के उपरांत चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए चतरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि बच्ची बेहोशी की अवस्था में अस्पताल पहुंची और उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।
पीड़ित परिवार ने बताया कि उनके 20 वर्षीय पुत्र का मात्र चार माह पूर्व ही निधन हो चुका है। ऐसे में इस घटना ने परिवार को एक बार फिर गहरे सदमे में डाल दिया है।
लक्ष्मी सिंह ने राजपुर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई एवं न्याय की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!