कान्हाचट्टी में लंबित वन अधिकार पट्टों के शीघ्र वितरण की मांग, अंचलाधिकारी को सौंपा गया ज्ञापन
9 अगस्त (विश्व आदिवासी दिवस)को पात्र लाभुकों के बीच पट्टा वितरण करने का आग्रह, अंचल कार्यालय ने दिया कार्रवाई का भरोसा।
कान्हाचट्टी | प्रतिनिधि
प्रखंड क्षेत्र में लंबित वन अधिकार पट्टों के निष्पादन एवं वितरण की मांग को लेकर शुक्रवार को जेएलकेएम प्रखंड अध्यक्ष सह चतरा जिला ग्राम सभा मंच के जिला सचिव सिकेंद्र सिंह खरवार ने कान्हाचट्टी के अंचलाधिकारी मनोज गोप को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत लंबित दावों का जल्द निपटारा करते हुए पात्र लाभुकों को वन पट्टा उपलब्ध कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2025 के दौरान प्रखंड के अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासियों द्वारा व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन भूमि अधिकार के लिए 104 दावा पत्र अंचल कार्यालय में जमा किए गए थे। काफी समय बीत जाने के बावजूद अब तक इन आवेदनों पर अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका है, जिससे कई पात्र परिवार अपने वैधानिक अधिकारों से वंचित हैं।
सिकेंद्र सिंह खरवार ने कहा कि झारखंड सरकार के कल्याण विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार 9 अगस्त (विश्व आदिवासी दिवस) के अवसर पर पात्र लाभुकों के बीच वन अधिकार पट्टों का वितरण किया जाना है। उन्होंने अंचलाधिकारी से आग्रह किया कि लंबित सभी दावों का समय रहते निष्पादन सुनिश्चित कर निर्धारित तिथि पर लाभुकों के बीच पट्टों का वितरण कराया जाए।
उन्होंने कहा कि वर्षों से जल, जंगल और जमीन पर आश्रित अनेक भूमिहीन एवं वनवासी परिवार अपने अधिकारों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ऐसे परिवारों को विभिन्न प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सरकार की मंशा के अनुरूप लंबित मामलों का शीघ्र समाधान कर पात्र लोगों को उनका अधिकार मिलना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आदिवासी एवं मूलवासी समाज के कई लोग मौजूद रहे। वहीं अंचलाधिकारी मनोज गोप ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद आश्वस्त किया कि प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार समीक्षा कर आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!