रेलवे बैठक में गरजे सांसद कालीचरण सिंह, चतरा की वर्षों पुरानी रेल समस्याओं पर मांगा तत्काल समाधान
धनबाद: चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह ने धनबाद मंडल में आयोजित रेलवे अधिकारियों की बैठक में क्षेत्र की वर्षों पुरानी रेल समस्याओं और जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल सुविधाएं क्षेत्र के विकास, यात्रियों की सुरक्षा और आम जनता की सुविधा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इसलिए लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए।
बैठक में सांसद ने सबसे पहले ब्रिटिश काल से स्थापित छिपादोहर रेलवे स्टेशन और उसके आसपास निवास करने वाले लोगों के हितों की रक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्टेशन की वर्तमान व्यवस्था से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ स्थानीय लोगों की भावनाओं के विपरीत होगी। यदि जनता की भावनाओं की अनदेखी की गई तो व्यापक जनआंदोलन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
सांसद ने राँची–टोरी ट्रेन का विस्तार शिवपुर तक, टोरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4 एवं 5 पर फुट ओवरब्रिज निर्माण, बरवाडीह रेलवे स्टेशन के समीप बाबा चौक से पहाड़ी मंदिर मार्ग तक फुट ओवरब्रिज, मंगरा–केचकी रेलवे स्टेशन के बीच ग्राम कंचनपुर के पास अंडरपास तथा मंगरा रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे क्रॉसिंग निर्माण की मांग भी रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखी।
इसके अलावा उन्होंने गरीब रथ एक्सप्रेस (12877/12878) का बरवाडीह स्टेशन, ट्रेन संख्या 19413/19414 का टोरी एवं लातेहार स्टेशन, वंदे भारत एक्सप्रेस (21893/21894) का टोरी स्टेशन तथा राँची–सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस (18635/18636) का केचकी स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही राँची–चोपन ट्रेन एवं सासाराम इंटरसिटी का रिचुघुटा स्टेशन पर ठहराव तथा हजारीबाग जिले के गरु कुरहा स्टेशन पर हॉल्ट निर्माण कर ट्रेनों का परिचालन शुरू करने का भी आग्रह किया।
सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि इन सभी मांगों के पूरा होने से चतरा, लातेहार और आसपास के क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इससे आवागमन सुगम होगा, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, व्यापार एवं रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
बैठक के दौरान रेलवे अधिकारियों से इन जनहित से जुड़े प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया गया, ताकि क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी रेल संबंधी अपेक्षाओं को पूरा किया जा सके।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!