जनता दरबार में गूंजीं आमजनों की समस्याएं, DC ने अधिकारियों को दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश
चतरा। समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में भूमि विवाद, पेयजल आपूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, अनुकंपा नियुक्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
उपायुक्त रवि आनंद ने सभी आवेदनों का क्रमवार अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजनों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस दौरान जनशिकायत कोषांग के नोडल पदाधिकारी रितेश कुमार को निर्देशित किया गया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का विधिवत पंजीकरण कर उन्हें अविलंब संबंधित विभागों को अग्रसारित किया जाए। साथ ही प्रत्येक आवेदन की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करते हुए निष्पादन की अद्यतन स्थिति से उपायुक्त कार्यालय को अवगत कराया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक समाहरणालय परिसर में नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जहां आमजन अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!