कारगिल विजय दिवस समारोह की तैयारी तेज, उपायुक्त-एसपी समेत कई गणमान्य लोगों को दिया गया निमंत्रण
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 26 जुलाई को आयोजित होने वाले सम्मान समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पलामू के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य लोगों से मुलाकात कर कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
परिषद के जिलाध्यक्ष दामोदर मिश्र ने बताया कि रविवार, 26 जुलाई 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति टाउन हॉल, मेदिनीनगर में कारगिल विजय दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जिले के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही शहीदों की वीरांगनाओं, कारगिल युद्ध में हिस्सा लेने वाले पूर्व सैनिकों और युद्ध के दौरान घायल हुए सैनिकों को सम्मानित करने की परंपरा वर्षों से निभाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों से आग्रह किया गया है कि वे स्वयं कार्यक्रम में शामिल होकर वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का सम्मान करें। इससे सैन्य परिवारों का मनोबल बढ़ेगा और समाज में उनके प्रति सम्मान का संदेश जाएगा।
परिषद के अनुसार, उपायुक्त ने संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए समारोह में शामिल होने की सहमति दी। वहीं पुलिस अधीक्षक और नगर आयुक्त ने भी कार्यक्रम का निमंत्रण सहर्ष स्वीकार किया।
प्रशासनिक अधिकारियों को आमंत्रित करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में परिषद के जिलाध्यक्ष दामोदर मिश्र, उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण तिवारी, कोषाध्यक्ष दयाशंकर शर्मा, महासचिव सुनील कुमार सिंह, पूर्व महासचिव दिनेश कुमार गुप्ता तथा सचिव अशोक कुमार दुबे शामिल रहे।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!