संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के सम्मान का संकल्प, चतरा युवा प्रकोष्ठ ने मनाया कार्यकर्ता मिलन सह अभिनंदन समारोह
चतरा। लोक जन शक्ति पार्टी (रामविलास) युवा प्रकोष्ठ, चतरा की ओर से राँची रोड स्थित सनाया होटल, किशनपुर में कार्यकर्ता मिलन सह अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने के साथ आपसी समन्वय बढ़ाने तथा पार्टी की विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की।

कार्यक्रम की शुरुआत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, लोक जन शक्ति पार्टी के संस्थापक पद्म भूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोक जन शक्ति पार्टी (रामविलास) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह चतरा विधायक श्री जनार्दन पासवान उपस्थित रहे। वहीं प्रदेश प्रधान महासचिव श्री विकास रंजन उर्फ पप्पू सिंह, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री शैलेंद्र दूर्वेदी, चतरा जिला अध्यक्ष श्री गौरी प्रसाद यादव, युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष श्री अनिल पासवान सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं बूथ अध्यक्ष कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल और संवाद जरूरी है। साथ ही जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाने और आम लोगों की समस्याओं को लेकर लगातार काम करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए सभी से एकजुट होकर संगठन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया। समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच आपसी संवाद और मेल-जोल का माहौल देखने को मिला।
कार्यकर्ता मिलन सह अभिनंदन समारोह के माध्यम से संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आपसी सम्मान, एकजुटता और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को और सक्रिय बनाते हुए जनसेवा के कार्यों को मजबूती देना रहा।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!