सूने घर को निशाना बना BSF जवान के घर लाखों की डकैती: 2 लाख कैश, जेवरात व कीमती सामान ले उड़े चोर*
लगातार वारदातों से सदमे में प्रखंडवासी, जांच में जुटी राजपुर पुलिस
कान्हाचट्टी: क्षेत्र में लगातार हो रही ताबड़तोड़ चोरी की वारदातों ने ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ा दी है। आम जनता में खौफ का माहौल है, वहीं बेखौफ अज्ञात चोर पुलिस प्रशासन के लिए खुला सिरदर्द बन चुके हैं। ताजा मामला कान्हा गांव का है, जहां सीमा सुरक्षा बल के जवान सुजीत कुमार सिंह के सूने घर को निशाना बनाकर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया।मिली जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त घर पूरी तरह सूना था। जवान सुजीत कुमार सिंह देश की सीमा पर अपनी ड्यूटी पर तैनात हैं, जबकि घर पर उनकी वृद्ध मां अकेले रहती हैं। घटना वाली रात वह भी किसी पारिवारिक समारोह में शामिल होने अपने रिश्तेदार के घर गई हुई थीं। इसी खाली मकान का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का कुंडी-ताला तोड़ा और घर में रखे अलमारी व पेटी-बक्सों को पूरी तरह खंगाल डाला।चोरों ने घर से नकद लगभग 2 लाख रुपये कैश 7 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के पुश्तैनी आभूषण,पीतल व कांसे के महंगे बर्तन और कीमती कपड़े लेकर फरार हो गए।
पूर्व में भी कई जगह हाथ साफ कर चुका है गिरोह:
क्षेत्र में चोरों का नेटवर्क इस कदर सक्रिय है कि कुछ ही दिन पूर्व सिंदुरिया नावाडीह गांव निवासी सुमित कुमार के घर तथा रामनगर उच्च विद्यालय समेत अन्य जगहों पर भी चोरी की घटनाएं घट चुकी हैं। शिक्षा के मंदिर से लेकर जवान के घर तक सिलसिलेवार हो रही इन घटनाओं से पूरा प्रखंड सहमा हुआ है।घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में सुराग तलाशने और संदिग्धों की शिनाख्त में जुटी है। इधर, ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रात्रि गश्ती तेज करने और सक्रिय चोर गिरोह की अविलंब गिरफ्तारी की पुरजोर मांग की है।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!