कान्हाचट्टी के रुद्र प्रताप का तैराकी में शानदार प्रदर्शन, चार स्वर्ण पदक जीतकर बने जिला चैंपियन
अंडर-15 वर्ग की चार स्पर्धाओं में हासिल किया पहला स्थान, क्षेत्र में खुशी की लहर
कान्हाचट्टी। हजारीबाग तैराकी संघ के तत्वावधान में आयोजित चौथी जूनियर एवं सब-जूनियर जिला तैराकी चैंपियनशिप 2026 में कान्हाचट्टी प्रखंड के रुद्र प्रताप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने ग्रुप-3 (अंडर-15) आयु वर्ग में जिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
कनहरी स्थित ‘द अनंता बाय द हिल’ के स्विमिंग पूल में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली तैराकों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बीच रुद्र प्रताप ने अपनी बेहतरीन तकनीक, गति और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए सभी का ध्यान आकर्षित किया।
रुद्र ने 50 मीटर फ्री स्टाइल, 100 मीटर फ्री स्टाइल, 50 मीटर बटरफ्लाई और 50 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धाओं में अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। चार अलग-अलग स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।
राजपुर पंचायत के मुखिया विकास उर्फ छोटू सिंह के पुत्र हैं रुद्र
रुद्र प्रताप कान्हाचट्टी प्रखंड की राजपुर पंचायत के मुखिया विकास उर्फ छोटू सिंह के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से राजपुर पंचायत सहित पूरे कान्हाचट्टी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, ग्रामीणों, परिजनों और शुभचिंतकों ने रुद्र की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
प्रतियोगिता के समापन पर तैराकी संघ के पदाधिकारियों ने रुद्र प्रताप को स्वर्ण पदक और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आने वाले समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!