शिक्षक करुणाकर प्रसाद के दोनों बच्चों ने नीट 2026 में पाई सफलता: क्षेत्र का बढ़ाया मान
कमल राज और गुड़िया रानी ने बढ़ाया परिवार व क्षेत्र का मान, ग्रामीणों ने बताया नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा
इटखोरी (चतरा)। इटखोरी प्रखंड के शहरजाम गांव के लिए इस बार नीट (NEET) 2026 का परिणाम खुशियों की सौगात लेकर आया। गांव निवासी शिक्षक करुणाकर प्रसाद के पुत्र कमल राज एवं पुत्री गुड़िया रानी ने नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों भाई-बहन की इस उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल है और लोग परिवार को लगातार बधाई दे रहे हैं।
बताया जाता है कि दोनों ने नियमित अध्ययन, कड़ी मेहनत और अनुशासित तैयारी के दम पर यह सफलता हासिल की है। जैसे ही परीक्षा परिणाम की जानकारी मिली, परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। रिश्तेदारों, मित्रों, ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने उनके घर पहुंचकर या दूरभाष के माध्यम से बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्रामीणों ने कहा कि कमल राज और गुड़िया रानी की सफलता यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सीमित संसाधनों के बीच भी बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि दोनों भाई-बहन क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं और उनकी सफलता से युवाओं में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति नया उत्साह पैदा होगा।
इस अवसर पर शिक्षक करुणाकर प्रसाद ने बच्चों की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन, परिवार के सहयोग और गुरुजनों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता।
ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि कमल राज और गुड़िया रानी आगे चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर समाज की सेवा करेंगे तथा अपने क्षेत्र और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर भी गौरवान्वित करेंगे। दोनों की सफलता से पूरे शहरजाम गांव में गर्व और उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!