छह माह से वेतन नहीं, फूटा स्वास्थ्यकर्मियों का आक्रोश; भुगतान की मांग को लेकर हंटरगंज सीएचसी में प्रदर्शन
बकाया वेतन और प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने से नाराज एनएचएम कर्मियों ने विभाग से शीघ्र भुगतान की मांग की
हंटरगंज | Voice of Chatra
हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के स्वास्थ्यकर्मियों का लंबे समय से लंबित वेतन और प्रोत्साहन राशि को लेकर शुक्रवार को आक्रोश फूट पड़ा। सीएचओ, एएनएम, जीएनएम, ममता वाहिनी सहित विभिन्न संवर्ग के कर्मचारियों ने सीएचसी परिसर में एकत्र होकर प्रदर्शन किया और बकाया भुगतान की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने बताया कि पिछले छह माह से वेतन का भुगतान नहीं होने के कारण उनके समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। नियमित आय नहीं मिलने से परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई तथा दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करना मुश्किल हो गया है। वहीं कई कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि लंबे समय से प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी लंबित है।
स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि जिले के कई अन्य प्रखंडों में भुगतान हो चुका है, जबकि हंटरगंज के कर्मचारियों को अब तक वेतन नहीं मिला है। इससे कर्मचारियों में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है।
वहीं संबंधित अधिकारियों ने तकनीकी कारणों से भुगतान में विलंब की बात कहते हुए आश्वासन दिया कि वेतन से संबंधित प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और ट्रेजरी से स्वीकृति मिलते ही राशि कर्मचारियों के खातों में भेज दी जाएगी।
प्रदर्शन कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बकाया वेतन और प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!