पिपरवार में विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल ने मनाया स्थापना दिवस
कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और समाज की सेवा का लिया संकल्प
पिपरवार, चतरा। विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार, 13 सितंबर 2026 को पिपरवार एरिया स्थित शीतला मंदिर प्रांगण में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रवीण सिंह ने की, जबकि संचालन पप्पू सोनी ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान जिला चतरा विद्यार्थी प्रमुख राजा कुमार ने विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद की स्थापना 29 अगस्त 1964 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन हुई थी। संगठन का मूल मंत्र ‘धर्मो रक्षति रक्षितः’ है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना, मठ-मंदिरों एवं गौ-माता की रक्षा, धर्मांतरण के विरुद्ध जागरूकता तथा समाज में समरसता, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि धर्म एवं संस्कृति की रक्षा के लिए समाज को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है। साथ ही युवाओं को सनातन मूल्यों, संस्कारों और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने समाज सेवा, संगठन की मजबूती तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में दीपक केसरी, पप्पू सोनी, प्रवीण सिंह, सुमन सोनी, नवीन कुमार साहू, राजा कुमार, अंकुर, अमित सोनी, राजा सरदार, विवेक सिंह, मनीष, रवीन्द्र कुमार, काली सिंह, बिट्टू, अमन मेहरा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!