विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल की जिला बैठक सम्पन्न, संगठन विस्तार सहित कई आगामी कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा
चतरा। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की जिला स्तरीय बैठक गुरुवार को चतरा स्थित पत्थलदास मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में झारखंड प्रांत के संगठन मंत्री चितरंजन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों, संगठन विस्तार, कार्यकर्ता निर्माण एवं विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य रूप से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर कार्ययोजना बनाई गई। प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार ने कार्यकर्ताओं को संगठन की आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
4 अक्टूबर को रांची में होगा कार्यक्रम
बैठक में बताया गया कि अशोक सिंघल जी की जयंती के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 4 अक्टूबर को रांची में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में चतरा जिले से लगभग 200 कार्यकर्ताओं एवं कारसेवकों के पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रखंड स्तर पर कार्यकर्ताओं से समन्वय कर सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही गई।
इसके साथ ही संगठन को विस्तार देने और अधिक से अधिक युवाओं एवं लोगों को संगठन से जोड़ने के लिए विस्तारक तैयार करने की योजना पर भी चर्चा हुई। बैठक में कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाने की बात कही गई।
सभी प्रखंडों में दुर्गा अष्टमी मनाने का आग्रह
आगामी दुर्गा अष्टमी के अवसर पर जिले के सभी प्रखंडों में कार्यक्रम आयोजित करने की योजना पर भी चर्चा की गई। इसके लिए स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं को तैयारी करने और कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।
हुतात्मा दिवस पर रक्तदान शिविर की योजना
बैठक में हुतात्मा दिवस के अवसर पर बजरंग दल की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित करने की योजना भी बनाई गई। संगठन के पदाधिकारियों ने सेवा कार्यों को बढ़ावा देने और सामाजिक गतिविधियों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
हित चिंतक अभियान के तहत एक लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य
बैठक में बजरंग दल के हित चिंतक अभियान को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। अभियान के तहत पूरे चतरा जिले में लगभग एक लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाने की योजना बनाई गई।
500 बजरंगियों के साथ त्रिशूल दीक्षा और पद संचलन की योजना
बैठक में आगामी समय में त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम आयोजित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। प्रस्तावित कार्यक्रम में लगभग 500 बजरंगियों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही पद संचलन आयोजित करने की योजना भी बनाई गई है।
बैठक के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने आगामी सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष तारकेश्वर गुप्ता, जिला मंत्री सुधीर कुमार, जिला अर्चक-पुरोहित प्रमुख मनोज पांडेय, बजरंग दल जिला संयोजक अंकित पांडेय, सह संयोजक ठाकुर राकेश रंजन ,समरसता प्रमुख गुरुदेव कुमार, विहिप प्रचार-प्रसार प्रमुख विशाल हिंदू, बोल उपासना प्रमुख गोलू बाबू शाह, बजरंग दल जिला सुरक्षा प्रमुख बिट्टू सिंह, टंडवा प्रखंड अध्यक्ष सोनू भुइयां, संयोजक राकेश कुमार, नगर मंत्री श्वेतांक उपाध्याय , निशांत कुमार पांडेय समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए अन्य पदाधिकारी, दायित्वधारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!