चतरा में 35वीं बटालियन एसएसबी बनी अंतर बटालियन खो-खो चैंपियन, फाइनल में जमुई को दी मात
चतरा, 18 जुलाई। चतरा स्थित 35वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय अंतर बटालियन खो-खो प्रतियोगिता का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मेजबान 35वीं बटालियन चतरा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 16वीं बटालियन जमुई (बिहार) को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
प्रतियोगिता का आयोजन 16 जुलाई से शुरू हुआ था, जिसमें विभिन्न बटालियनों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा और दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। हालांकि निर्णायक क्षणों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए चतरा की टीम विजेता बनने में सफल रही, जबकि 16वीं बटालियन जमुई उपविजेता रही।
समापन समारोह में क्षेत्र मुख्यालय विशेष प्रचालन, गया के उप-महानिरीक्षक मानवेन्द्र सिंह नेगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों के साथ-साथ सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में उप-महानिरीक्षक ने जवानों से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
समापन समारोह में 35वीं बटालियन के कमांडेंट संजीव कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी अनेंद्र मणि सिंह, उप-कमांडेंट दीपक कुमार, नीरज कुमार सिंह, पार्थ सारथि रॉय, मगदुम जयंत रोहित सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जवान और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन और मेजबान टीम की जीत से बलकर्मियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। खिलाड़ियों ने भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!