बृजकिशोर तिवारी ने किया प्रखंड स्तरीय सुब्रतो कप 2026 का शुभारंभ, खिलाड़ियों को दी सफलता की शुभकामनाएँ
चतरा। प्रखंड स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला परिषद चतरा के जिला उपाध्यक्ष बृजकिशोर तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में अंडर-17 एवं अंडर-15 वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी पूरे जोश, उत्साह और खेल भावना के साथ भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, शिक्षक, खेल प्रेमी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि बृजकिशोर तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि सुब्रतो कप जैसी प्रतियोगिताएँ ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं और खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और खेल भावना के साथ भाग लेने का संदेश देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन सच्चा खिलाड़ी वही है जो अनुशासन और समर्पण के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करे। उन्होंने समस्त टीमों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि निरंतर मेहनत और लगन से वे जिले, राज्य और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई हैं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमें अगले चरण की प्रतियोगिता में भाग लेंगी।

इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!