रोमांचक फाइनल के साथ लमटा प्रीमियर लीग का समापन, विश्वकर्मा सुपर किंग्स ने मारी बाजी
लावालौंग (चतरा)। लावालौंग प्रखंड के शिवराजपुर क्रिकेट मैदान में आयोजित लमटा प्रीमियर लीग (एलपीएल) 2026 का सोमवार को शानदार समापन हुआ। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित इस बहुप्रतीक्षित क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में विश्वकर्मा सुपर किंग्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जितेंद्र पैंथर को 5 विकेट से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
28 जून से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की नीलामी (ऑक्शन) के माध्यम से चार टीमों का गठन किया गया था। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना का परिचय दिया, जबकि फाइनल मुकाबले में दर्शकों को रोमांच से भरपूर क्रिकेट देखने को मिला।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में मुख्य आयोजक राहुल प्रसाद तथा संचालक अमित कुमार और राकेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति ने पूरे टूर्नामेंट को सफल और व्यवस्थित बनाने में सराहनीय योगदान दिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल दास शामिल हुए। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करता है। ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
विजेता विश्वकर्मा सुपर किंग्स को 15 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता जितेंद्र पैंथर को 10 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम चंद्र पाठक, लमटा मुखिया अमित चौबे, मंडल अध्यक्ष खगेश्वर साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष भोला प्रसाद, बैजनाथ साहू, संतोष भोक्ता, निर्मल भारती, रौशन कुमार, मुकेश राम, धीरज रविदास, मंडल महामंत्री बिहारी भारती, पंचायत संयोजक विनोद आर्य, शंकर पांडेय, पवन प्रसाद, दीपक ठाकुर, रामजीत गंझु सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं हजारों खेल प्रेमी मौजूद रहे। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह ने प्रतियोगिता को यादगार बना दिया।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!