प्रिंस खान गिरोह पर चतरा पुलिस का शिकंजा, आर्थिक नेटवर्क संभालने वाले दो सहयोगी गिरफ्तार
चतरा। संगठित अपराध और रंगदारी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हंटरगंज के व्यवसायी प्रेम सिंह से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने से जुड़े मामले में पुलिस ने प्रिंस खान उर्फ हैदर अली गिरोह के दो कथित प्रमुख सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी गिरोह के आर्थिक नेटवर्क से जुड़े थे और हवाला के माध्यम से पैसों के लेन-देन तथा शूटरों तक रकम पहुंचाने में भूमिका निभाते थे।
एसपी अनिमेष नैथानी ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने 10 जुलाई को बिहार के भोजपुर में छापेमारी कर मोहम्मद अस्फाक आलम (30) और सद्दाब अंसारी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मोबाइल की जांच में गिरोह के सदस्यों और शूटरों के बीच आर्थिक लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पूछताछ के दौरान विदेश से आर्थिक संपर्क और हवाला के जरिए रकम के लेन-देन से संबंधित जानकारी भी सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस अब पूरे वित्तीय नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
यह मामला हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव निवासी व्यवसायी प्रेम सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया था। उन्होंने प्रिंस खान पर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस पहले भी गिरोह से जुड़े कई कथित सहयोगियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सद्दाब अंसारी के खिलाफ धनबाद के बैंक मोड़ और गोविंदपुर थानों में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी और आर्थिक नेटवर्क का खुलासा करने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
इस खबर को शेयर करें
0 अपनी राय दें (Comments)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!